चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर अजय राय ने उठाए सवाल, वाराणसी चुनाव की जांच की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी सीट के परिणाम की जांच कराने की मांग की है। बुधवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार, पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा 14 आपत्तियां लिखित रूप में दर्ज कराई गई हैं।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से चुनाव व्यवस्था में सरकारी हस्तक्षेप का आरोप लगाते रहे हैं। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग एक स्वतंत्र एवं संवैधानिक संस्था है और उसके निर्णयों में सभी चुनाव आयुक्तों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार आयोग में निर्णय बहुमत के आधार पर लिए जाने चाहिए। ऐसे में किसी एक व्यक्ति के स्तर से लिए गए निर्णयों को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग की कार्यप्रणाली में अन्य आयुक्तों की आपत्तियों की अनदेखी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, वैध मतदाताओं के नाम हटाने तथा फार्म-6 में कथित अनियमितताओं को लेकर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लगातार उठाती रही है।
अजय राय ने मांग की कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी संसदीय क्षेत्र के संपूर्ण परिणाम और उससे जुड़ी चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

