63 पासपोर्ट के साथ चार गिरफ्तार, विदेश में नौकरी का झांसा देने वाले गिरोह का पर्दाफाश
मधुबनी। घोघरडीहा थाना पुलिस ने रविवार देर रात हनुमान चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान 63 मूल पासपोर्ट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुख्य सरगना मोहम्मद आरजू और ग्रामीण डाक सेवक मोहम्मद अदनान हुसैन को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरोह रूस और खाड़ी देशों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पासपोर्ट मंगवाता था और प्रति पासपोर्ट करीब दो लाख रुपये लेकर अवैध रूप से विदेश भेजने की तैयारी करता था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य अंतरराष्ट्रीय एजेंटों के संपर्क में थे और लोगों को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजने के बाद उनके पासपोर्ट रख लिए जाते थे।
पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से 63 पासपोर्ट, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और पांच खाली डाक लिफाफे बरामद किए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पटना और कानपुर सहित अन्य स्थानों से जुड़े एजेंटों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।

