JSSC-CGL कथित अनियमितता मामले में CID की कार्रवाई तेज, आयोग कार्यालय पहुंची टीम; सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ
दूसरी बार JSSC कार्यालय पहुंची CID की विशेष टीम, CGL परीक्षा से जुड़े दस्तावेज और OMR शीट खंगाली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं, विशेषकर JSSC-CGL में कथित अनियमितता, धांधली और पेपर लीक के मामले में CID की जांच तेज होती नजर आ रही है। शुक्रवार को CID की विशेष जांच टीम नामकुम स्थित JSSC कार्यालय पहुंची और आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की।
जांच के दौरान टीम ने JSSC-CGL परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, फाइलें और OMR शीट खंगालीं। सूत्रों के मुताबिक जांच टीम ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। यह दूसरी बार है जब CID की टीम JSSC कार्यालय पहुंची है और सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की जा रही है।
सचिव के आवास पर भी पहुंची थी टीम
जानकारी के अनुसार, जांच के क्रम में CID की टीम ने शुक्रवार सुबह मोरहाबादी स्थित सचिव सुधीर गुप्ता के निजी आवास पर भी तलाशी ली। तलाशी के दौरान कथित तौर पर कई दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद टीम JSSC मुख्यालय पहुंची और सचिव से पूछताछ शुरू की।
परीक्षा में पैसे लेकर नौकरी दिलाने के आरोप की जांच
दरअसल, JSSC-CGL परीक्षा को लेकर पैसे लेकर नौकरी दिलाने और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। मामले की जांच के दौरान CID पहले ही कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर करोड़ों रुपये के कथित लेन-देन की बात सामने आने का दावा किया गया है। मामले में कुछ सफल अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
CID की ताजा कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, किसी व्यक्ति की भूमिका या संभावित गिरफ्तारी के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट होगा।

