जामताड़ा: चार माह से एमडीएम की राशि नहीं मिलने से विद्यालयों में बढ़ी परेशानी
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड क्षेत्र के कई विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के संचालन को लेकर परेशानी बढ़ती जा रही है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापकों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि करीब चार महीने से एमडीएम की राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इसके कारण विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन का संचालन उधार लेकर किया जा रहा है।
प्रभारी प्रधानाध्यापकों के अनुसार, लंबे समय से राशि नहीं मिलने के कारण स्थानीय दुकानदारों से राशन और अन्य आवश्यक सामग्री उधार में लेनी पड़ रही है। शुरुआत में दुकानदारों ने सहयोग किया, लेकिन अब लगातार बढ़ते बकाये के कारण वे भी राशन देने में आनाकानी करने लगे हैं। कई बार बकाये भुगतान को लेकर दुकानदारों और विद्यालय प्रबंधन के बीच तू-तू, मैं-मैं की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
प्रधानाध्यापकों का कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है, लेकिन राशि के अभाव में व्यवस्था चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रभारी प्रधानाध्यापकों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द लंबित एमडीएम राशि का भुगतान करने की मांग की है, ताकि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सके।

