झारखंड विधानसभा में बैंक ऑफ इंडिया ने दी वेतन खाता सुविधाओं की जानकारी
राष्ट्र संवाद सं
रांची: झारखंड विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में बैंक ऑफ इंडिया की ओर से राज्य सरकार के नियमित, संविदा एवं पेंशनधारी कर्मचारियों के लिए हाल में किए गए समझौता (MoU) के तहत वेतन खाता सुविधाओं पर आधारित एक विस्तृत प्रस्तुति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधानसभा के पदाधिकारियों और कर्मचारियों को वेतन खाते से जुड़ी विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देना था।
प्रस्तुति के दौरान बैंक ऑफ इंडिया द्वारा दुर्घटना बीमा, टर्म इंश्योरेंस, चिकित्सा बीमा सहित अन्य वित्तीय सेवाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इन सुविधाओं का उद्देश्य कर्मचारियों को सुरक्षित और समग्र वित्तीय संरक्षण उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने इन योजनाओं में गहरी रुचि दिखाई तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रश्न पूछे।
कार्यक्रम में अध्यक्ष झारखंड विधानसभा रबीन्द्रनाथ महतो, वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, सदस्य रामचंद्र सिंह तथा प्रभारी सचिव झारखंड विधानसभा रंजीत कुमार उपस्थित रहे। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से अजय कुमार पाण्डेय, सहायक महाप्रबंधक एफजीएमओ रांची एवं बनिता मोहापात्रा, उप अंचल प्रबंधक रांची अंचल ने प्रस्तुति दी।

