नगरपालिका निर्वाचन 2026 को लेकर नाम निर्देशन स्थलों का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए गए निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत नाम निर्देशन प्रक्रिया को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसी क्रम में 29 जनवरी 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त रवि आनंद ने अधिकारियों के साथ मिहिजाम नगर परिषद एवं जामताड़ा नगर पंचायत के लिए बनाए गए नाम निर्देशन कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्वाची पदाधिकारियों एवं कर्मियों से नाम निर्देशन से जुड़े प्रपत्र, मतदाता सूची, व्यय पंजी सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। साथ ही नाम निर्देशन कक्षों में बैठने की सुविधा, पेयजल, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी सहित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष निर्वाचन संपन्न कराने को कहा।

