कालीपाथर में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड अंतर्गत कालीपाथर में दिशोम गुरु क्लब के सौजन्य से तीन दिवसीय भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जो 26 दिसंबर से 28 दिसंबर तक चलेगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में खेल और खेल भावना का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाशाली फुटबॉल टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है।
आयोजकों द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा खेल संस्कृति को मजबूत करना है। प्रतियोगिता के दौरान रोमांचक मुकाबले दर्शकों को देखने को मिलेंगे।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1,20,000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 90,000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं ट्रॉफी दी जाएगी। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस आयोजन को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और खेल भावना को बढ़ावा दें।

