शिक्षा और स्वास्थ्य का संगम बनी भोगीकाटा विद्यालय की पोषण वाटिका
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय भोगीकाटा में विकसित की गई पोषण वाटिका आज विद्यालय की एक सराहनीय उपलब्धि के रूप में उभरकर सामने आई है। यह वाटिका न केवल हरी-भरी सब्जियों का स्रोत है, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का प्रभावशाली माध्यम भी बन गई है। इस सफल पहल के पीछे विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बच्चू सिंह एवं उनके सहयोगी शिक्षकों का समर्पण और सतत प्रयास निहित है।
पोषण वाटिका में टमाटर, बैंगन, भिंडी, लौकी, कद्दू, हरी मिर्च, पालक एवं अन्य मौसमी सब्जियों की खेती की गई है। इन ताजी और रसायनमुक्त सब्जियों का उपयोग मध्यान्ह भोजन में किया जा रहा है, जिससे बच्चों को पोषणयुक्त आहार मिल रहा है और उनकी सेहत में सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है।
प्रधानाध्यापक बच्चू सिंह के नेतृत्व में छात्रों को पौधरोपण, देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। इससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता, श्रम के प्रति सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हो रही है। सहयोगी शिक्षकों ने भी बच्चों को पोषण, स्वच्छता और जैविक खेती के महत्व से निरंतर अवगत कराया है।
भोगीकाटा विद्यालय की यह पोषण वाटिका शिक्षा और स्वास्थ्य के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही है।

