श्रीनाथ विश्वविद्यालय में 9वां अंतर्राष्ट्रीय हिंदी दिवस समारोह, हिंदी और रचनात्मकता का उत्सव
राष्ट्र संवाद सं
जमशेदपुर: श्रीनाथ विश्वविद्यालय, जमशेदपुर में 9वें अंतर्राष्ट्रीय हिंदी दिवस समारोह का भव्य और प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक सबिता महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह का उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ युवाओं में साहित्यिक और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में देश के विभिन्न राज्यों से आए अनेक विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कविता पाठ, निबंध लेखन, भाषण, पोस्टर निर्माण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी गहरी समझ और सृजनात्मक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दर्शकों और निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को रबीन्द्रनाथ महतो द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा को केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और विचारों की अभिव्यक्ति का सशक्त साधन बताया। सबिता महतो ने भी हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इसे अपने जीवन और करियर में अपनाने का आह्वान किया।
यह समारोह हिंदी भाषा के संवर्धन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में यादगार बना।

