जामताड़ा में नशामुक्ति अभियान के लिए जागरूकता रथ रवाना
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नशामुक्ति अभियान को मजबूत आधार देने और समाज में जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 12 दिसंबर 2025 को जामताड़ा समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिले के उपायुक्त रवि आनंद ने किया। रथ रवाना किए जाने के दौरान जिला परिषद अध्यक्ष राधारानी सोरेन, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ सहित कई विभागीय अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि नशा मुक्त समाज ही प्रगतिशील और सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे के दुष्प्रभावों को समझें, उससे दूर रहें और दूसरों को भी नशे से बचाने में जागरूक बनें। समाज कल्याण विभाग के सहयोग से यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न स्थानों पर भ्रमण करेगा और लोगों को नशे के नुकसान, स्वास्थ्य पर प्रभाव तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देगा।
यह पहल जिले में नशामुक्ति को जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

