धान अधिप्राप्ति को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक संपन्न
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला जनसंपर्क कार्यालय में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के लिए धान क्रय की तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक किसानों को लैंपस से टैग किया जाए ताकि उन्हें धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के खातों में धान की बिक्री की राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी निगरानी रखी जाए। साथ ही, किसानों को बिचौलियों से बचाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि अधिप्राप्ति केंद्रों और राइस मिलों की टैगिंग संबंधी रिपोर्ट जल्द विभाग को भेजी जाए।
बैठक में अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

