गरीब और मेधावी छात्रों को समाजसेवियों ने दी आर्थिक सहायता
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला स्थित आर.के.+2 हाई स्कूल में समाजसेवी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी रंजीत कुमार डोकानिया और कृष्णेंदु साधु ने तीन गरीब एवं मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता प्रदान की। दोनों समाजसेवियों ने शिक्षण सत्र 2025-26 की शुरुआत में ही तीनों विद्यार्थियों को गोद लिया था। प्रत्येक विद्यार्थी को दोनों की ओर से प्रति माह 1000 रुपये की सहायता दी जाती है।
आज रंजीत डोकानिया ने विद्यार्थियों नागेन टुडू और राइमा भट्टाचार्य को 6000-6000 रुपये तथा कृष्णेंदु साधु ने जैस्मीन खातून को 6000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक उत्तम कुमार मंडल ने दोनों समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि समृद्ध वर्ग के लोग इस प्रकार आगे बढ़कर गरीब एवं मेधावी छात्रों की मदद करें तो राज्य और देश दोनों तेजी से प्रगति करेंगे।
विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊर्जा और समान अवसरों का विस्तार होगा।

