सरयू राय ने कहाः नीतीश कुमार की छवि लार्जर देन लाइफ की है
इस बार पहले से ज्यादा मजबूत बहुमत के साथ बिहार में एनडीए की सरकार बनेगीःसरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
इस्लामपुर (नालंदा)। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक और जनता दल यूनाइटेड के स्टार प्रचारक सरयू राय ने कहा है कि इस बार बिहार में एनडीए गठबंधन को पहले से ज्यादा मजबूत बहुमत मिलेगा।
यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उन्होंने दो दिनों तक अनेक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने महसूस किया कि लोग नीतीश कुमार सरकार के कायल हैं।
उन्होंने कहा कि बतौर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जो छवि जनता के बीच में बनी है, वह अद्भुत है। उन्होंने कहा कि जो नीतीश कुमार के समर्थक नहीं हैं, वो भी यह कहते पाये गए कि उनके पास नीतीश कुमार के खिलाफ बोलने के लिए कुछ है ही नहीं।
एक सवाल के जवाब में सरयू राय ने कहा कि नीतीश कुमार की छवि लार्जर देन लाइफ है। जनता के बीच में उनकी छवि स्टेट्समैन की बनी हुई है।
सरयू राय ने कहा कि इस्लामपुर में एनडीए उम्मीदवार (रुहेल रंजन) की जीत प्रायः तय है। कई लोग यूं ही चुनाव में उतर गये हैं। जनता के बीच में ऐसे उम्मीदवारों को लेकर नकारात्मक चर्चा है। मतदान का दिन जैसे-जैसे नजदीक आते जाएगा, लोग ऐसे वोटकटवा उम्मीदवारों को बाहर कर देंगे।
सरयू राय ने कहा कि समृद्ध बिहार की अवधारणा को धरातल पर उतारना है। लोगों की क्रय शक्ति को बढ़ाना है। लोग महसूस कर रहे हैं कि नीतीश सरकार आगे भी रहेगा तो यह क्रय शक्ति बढ़ाने वाला काम बेहद आसान हो जाएगा। केंद्रीय स्लोगन है बिहार पकड़ चुका है रफ्तार आने वाले दिनों में और मजबूती से चरितार्थ होगा। आज जो संकल्प पत्र जारी हुआ है, उसका भी लब्बोलुआब यही है कि जो भी सहायता सरकार करने जा रही है, उसका लाभ आम आदमी अपनी क्रय शक्ति बढ़ाने में करे। सरकार ने वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ने का वादा किया है। इसका असर हो रहा है।
श्री राय ने कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में ही चुनाव हो रहा है और अब तो यह पक्का हो गया कि अगले मुख्यमंत्री भी वही होंगे। इसीलिए कहा गया है कि पहले से ज्यादा मजबूत बहुमत इस बार एनडीए सरकार को मिलेगा, बेहद मजबूत सरकार बनेगी।
एक सवाल के जवाब में सरयू राय ने कहा कि प्रथम चरण के चुनाव में, जहां-जहां वो गये, वहां एनडीए को 75 प्लस सीटें मिलेगीं। जहां वो नहीं गये, वहां भी अगर ऐसी ही बात है तो सीटों की संख्या बढ़ भी सकती है।

