Close Menu
Rashtra SamvadRashtra Samvad
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • होम
    • राष्ट्रीय
    • अन्तर्राष्ट्रीय
    • राज्यों से
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
      • ओड़िशा
    • संपादकीय
      • मेहमान का पन्ना
      • साहित्य
      • खबरीलाल
    • खेल
    • वीडियो
    • ईपेपर
    Topics:
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Rashtra SamvadRashtra Samvad
    • रांची
    • जमशेदपुर
    • चाईबासा
    • सरायकेला-खरसावां
    • धनबाद
    • हजारीबाग
    • जामताड़ा
    Home » बिहार की चुनावी जंग में केजरीवाल की एंट्री से तेजस्वी के सामने नई चुनौती
    Breaking News झारखंड

    बिहार की चुनावी जंग में केजरीवाल की एंट्री से तेजस्वी के सामने नई चुनौती

    Nizam KhanBy Nizam KhanOctober 26, 2025No Comments7 Mins Read
    Share Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Share
    Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link

    बिहार की चुनावी जंग में केजरीवाल की एंट्री से तेजस्वी के सामने नई चुनौती
    देवानंद सिंह
    बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल हर बीतते दिन के साथ गर्माता जा रहा है। इस बार का चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि वादों की प्रतियोगिता बन गया है। पहले से ही जनता को वायदों और योजनाओं की झड़ी में उलझाए बैठे दलों के बीच अब आम आदमी पार्टी की एंट्री ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने बिहार में ऐसा घोषणापत्र पेश किया है, जिसने न सिर्फ आरजेडी के तेजस्वी यादव के माई-बहिन योजना को चुनौती दी है, बल्कि नीतीश कुमार और बीजेपी दोनों के पारंपरिक वोटबैंक में भी सेंध लगाने की रणनीति साफ कर दी है।

    आप के बिहार घोषणा पत्र की सबसे चर्चित घोषणा मैय्या सम्मान योजना है। इस योजना के तहत पार्टी ने हर महिला को ₹3,000 मासिक सहायता देने का वादा किया है, यानी सालाना ₹36,000 सीधे खाते में। दिलचस्प यह है कि तेजस्वी यादव ने कुछ ही सप्ताह पहले माई-बहिन योजना के तहत ₹2,500 प्रतिमाह देने का वादा किया था। केजरीवाल की पार्टी ने यह राशि बढ़ाकर एक तरह से “वादों की नीलामी” में अगला बोली लगा दी है।

    केवल इतना ही नहीं, पार्टी ने महिलाओं को ₹10 लाख तक का ब्याजमुक्त लोन, रसोइया बहनों के लिए ₹12,000 सालाना वेतनमान और सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की है। स्पष्ट है कि आम आदमी पार्टी बिहार की आधी आबादी को सीधे सशक्तिकरण के प्रतीक के रूप में देख रही है। बिहार में जहां महिला मतदाता संख्या के मामले में पुरुषों से आगे हैं, वहां यह रणनीति वोट बैंक की दृष्टि से अत्यंत प्रभावशाली साबित हो सकती है। दिल्ली मॉडल में महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा और शिक्षा-स्वास्थ्य में समान भागीदारी दिलाने की जो छवि बनी, वही मॉडल अब बिहार में लागू करने का वादा किया गया है। लेकिन सवाल यह है कि क्या बिहार की आर्थिक स्थिति ऐसी योजनाओं का बोझ उठा सकती है?

    घोषणा पत्र में आप ने शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया है। दिल्ली की तरह हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का हक के तहत एक हजार से अधिक आदर्श विद्यालय स्थापित करने, हर पंचायत में डिजिटल लैब खोलने और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति का वादा किया गया है। दिल्ली मॉडल की सफलता में दो बातें निर्णायक थीं, बेहतर प्रशासनिक क्षमता और पर्याप्त राजस्व। बिहार में न तो वैसी प्रशासनिक दक्षता है और न ही वैसा राजस्व ढांचा। राज्य आज भी केंद्र की सहायता और विशेष पैकेजों पर निर्भर है। फिर भी, यह नकारा नहीं जा सकता कि शिक्षा में निवेश की बात बिहार के लिए भावनात्मक और ऐतिहासिक दोनों दृष्टि से असरदार है।

    तेजस्वी यादव की आरजेडी और नीतीश कुमार की जदयू ने शिक्षा को अब तक रोजगार और आरक्षण के चश्मे से देखा है। आम आदमी पार्टी ने पहली बार इसे कौशल और आधुनिकता से जोड़ा है। यदि, यह एजेंडा जनता के बीच विश्वास बना पाया तो यह बिहार की चुनावी चर्चा का केंद्र बिंदु बन सकता है। घोषणापत्र में हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 24 घंटे सप्लाई की गारंटी देने का वादा शायद सबसे आकर्षक है। इसके साथ ही, पुराने बिजली बिल माफ करने और हर पंचायत में सोलर स्टेशन स्थापित करने की बात कही गई है।

    यह योजना ग्रामीण बिहार की वास्तविकता से सीधे जुड़ती है, जहां बिजली कटौती, महंगे बिल और सीमित पहुंच आज भी बड़ी समस्या है, हालांकि यह घोषणा जनता के दिल को जरूर छूती है, पर इसके आर्थिक आयाम गंभीर हैं। बिहार जैसे राज्य में बिजली उत्पादन सीमित है, वितरण तंत्र जर्जर है और निजी निवेशकों की दिलचस्पी कम। ऐसे में, 300 यूनिट मुफ्त बिजली का सपना तब तक व्यावहारिक नहीं हो सकता जब तक राज्य के राजस्व में अभूतपूर्व वृद्धि न हो, लेकिन राजनीति में वायदे की व्यावहारिकता से ज़्यादा असर उसकी भावनात्मक अपील का होता है, और इस मामले में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के अनुभव को बड़ी चतुराई से बिहार की आकांक्षाओं में पिरो दिया है।

    मोहल्ला क्लिनिक आम आदमी पार्टी के शासन की एक पहचान रही है। बिहार में इस मॉडल को लाने का वादा भी घोषणापत्र में किया गया है। हर गांव में इलाज की सुविधा और प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की बात की गई है। बिहार का स्वास्थ्य ढांचा आज भी निचले स्तर पर सबसे कमजोर कड़ी है। एक ओर जहां डॉक्टरों की भारी कमी है, वहीं सरकारी अस्पतालों की स्थिति जर्जर है। ऐसे में अगर मोहल्ला क्लिनिक जैसा सस्ता और सुलभ मॉडल लागू किया जा सके, तो यह ग्रामीण बिहार के लिए वरदान साबित हो सकता है।

    यहां आम आदमी पार्टी की रणनीति साफ दिखती है, दिल्ली के लोकल गवर्नेंस और डायरेक्ट डिलीवरी मॉडल को बिहार में पुनर्स्थापित करने का प्रयास, लेकिन फिर वही सवाल, धन कहां से आएगा? घोषणापत्र का शायद सबसे भावनात्मक हिस्सा युवाओं और रोजगार से जुड़ा है। पार्टी ने 30 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगारों को ₹3,000 मासिक भत्ता और कौशलयुक्त युवाओं को ₹12,000 तक प्रशिक्षण भत्ता देने का वादा किया है।

    यह सीधा संदेश है कि दिल्ली का स्किल मॉडल, बिहार के लिए रोजगार गारंटी। साथ ही, आईटी, कॉल सेंटर, एमएसएमई और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की बात कही गई है ताकि बिहार से पलायन रुके। यहां आम आदमी पार्टी ने एक ऐसी चुप्पी तोड़ी है जिसे बिहार की राजनीति अक्सर नजरअंदाज करती रही है। पलायन बिहार के सामाजिक और पारिवारिक ढांचे की सबसे बड़ी त्रासदी है। अगर, पार्टी इस मुद्दे पर ठोस चर्चा खड़ी कर पाती है, तो यह राज्य की राजनीतिक प्राथमिकताओं को नया मोड़ दे सकती है। दिलचस्प रूप से आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का वादा भी किया है, जिसके तहत बुजुर्गों को एसी ट्रेन से मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह संकेत है कि पार्टी सिर्फ काम की राजनीति तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि भावनात्मक और सांस्कृतिक मुद्दों को भी छू रही है। बिहार जैसे राज्य में, जहां धार्मिक यात्रा और आस्था का गहरा सामाजिक महत्व है, यह घोषणा भी सियासी रूप से सटीक समय पर की गई है।

    तेजस्वी यादव पहले से ही खुद को बिहार की युवा पीढ़ी का प्रतिनिधि बताते आए हैं। उनके वादों में भी रोजगार, महिला सम्मान और सामाजिक न्याय की झलक मिलती है, लेकिन अब आम आदमी पार्टी के घोषणापत्र ने इस एजेंडे को प्रोफेशनल टच दे दिया है। तेजस्वी जहां भावनात्मक अपील पर भरोसा करते हैं, वहीं केजरीवाल की पार्टी प्रशासनिक विश्वसनीयता को हथियार बना रही है। दिल्ली में शिक्षा-स्वास्थ्य के मॉडल ने एक भरोसा पैदा किया है, जो बिहार में भी आकर्षण पैदा कर सकता है।

    अगर, आम आदमी पार्टी बिहार में कुछ सीटें भी जीतती है, तो यह विपक्षी राजनीति की नई धुरी बन सकती है, जहां विकास, पारदर्शिता और प्रत्यक्ष लाभ ट्रांसफर पर आधारित राजनीति का नया अध्याय शुरू होगा। इन सभी घोषणाओं का एक यथार्थ पक्ष भी है। बिहार का बजट आकार सीमित है, कर संग्रह कम है और सरकारी खर्च का बड़ा हिस्सा केंद्र पर निर्भर करता है। ऐसे में, ₹3,000 महीना महिलाओं को, ₹3,000 बेरोजगारों को और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं वित्तीय दृष्टि से असंभव नहीं तो अत्यंत कठिन अवश्य हैं, लेकिन राजनीति का मूलमंत्र संभावना है, न कि संतुलन। जनता उन वायदों से प्रभावित होती है जो उसके जीवन की कठिनाइयों को शब्द देते हैं, और आम आदमी पार्टी का घोषणापत्र इसी मनोविज्ञान पर आधारित है, जो दिल्ली में हुआ, वो बिहार में भी हो सकता है।

    कुल मिलाकर, बिहार की चुनावी राजनीति दशकों से जातीय समीकरणों और वंशवादी वर्चस्व के इर्द-गिर्द घूमती रही है, पर अब आम आदमी पार्टी जैसे बाहरी खिलाड़ी इस परंपरागत ढांचे को चुनौती दे रहे हैं। मैय्या सम्मान योजना से लेकर मोहल्ला क्लिनिक और 300 यूनिट मुफ्त बिजली तक, यह घोषणापत्र सिर्फ वादों का पुलिंदा नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक राजनीतिक संस्कृति का परिचय है, जहां जाति से ऊपर उठकर सेवा और काम को राजनीति का आधार बनाने की कोशिश की जा रही है।

    भले ही आम आदमी पार्टी इस चुनाव में सत्ता तक न पहुंचे, पर उसने बहस की दिशा जरूर बदल दी है। अब मुकाबला सिर्फ जातीय समीकरणों या गठबंधनों का नहीं रहेगा, बल्कि कौन जनता की जिंदगी में वास्तविक बदलाव ला सकता है, यह प्रश्न बिहार की राजनीति के केंद्र में आ चुका हैं, और यही इस चुनाव की सबसे बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।

    Share. Facebook Twitter Telegram WhatsApp Copy Link
    Previous Articleदैनिक पंचांग एवं राशिफल
    Next Article पीके ने उलझा दिया है बिहार चुनाव को!

    Related Posts

    हाईकेगोड़ा से चांगीरा तक 3 करोड़ की लागत से होगा 3.7 किमी का सड़क निर्माण, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

    May 6, 2026

    टंडवा की सड़कों पर मौत का तांडव: दो युवकों की कुचलकर मौत, आक्रोश में उबल उठा जनसैलाब ।

    May 6, 2026

    करंट की चपेट में आकर जंगली हाथी की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

    May 6, 2026

    Comments are closed.

    अभी-अभी

    हाईकेगोड़ा से चांगीरा तक 3 करोड़ की लागत से होगा 3.7 किमी का सड़क निर्माण, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास

    टंडवा की सड़कों पर मौत का तांडव: दो युवकों की कुचलकर मौत, आक्रोश में उबल उठा जनसैलाब ।

    करंट की चपेट में आकर जंगली हाथी की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

    ब्रह्मर्षि विकास मंच कदमा इकाई की बैठक संपन्न, 1 जून को मनाया जाएगा स्व. ब्रह्मेश्वर मुखिया का शहादत दिवस

    संपत्ति के लिए पिता की पिटाई करने वालों पर मुकदमा दर्ज 

    बंगाल चुनाव में हार: ममता बनर्जी का बयान और बड़े आरोप | राष्ट्र संवाद

    दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 का भव्य आगाज | राष्ट्र संवाद

    ठाणे: जनगणना ड्यूटी से इनकार करने वाले शिक्षकों पर FIR | राष्ट्र संवाद

    बीजेपी पर ‘वोट चोरी’ का आरोप: विपक्ष में क्यों नहीं कोई जेपी या अन्ना? | राष्ट्र संवाद

    बंगाल विजय: संघ की जमीनी साधना और भाजपा की जीत | राष्ट्र संवाद

    Facebook X (Twitter) Telegram WhatsApp
    © 2026 News Samvad. Designed by Cryptonix Labs .

    Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.