फुटबॉल के रोमांच में डूबा फुटबेड़िया: विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विजेताओं को किया सम्मानित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड के फुटबेड़िया में आयोजित फुटबॉल फाइनल प्रतियोगिता में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में धनबाद और दुमका की टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांचक खेल प्रदर्शन के बाद दुमका की टीम ने शानदार जीत हासिल की और विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइनल मुकाबले के समापन पर आयोजन समिति द्वारा दोनों टीमों के खिलाड़ियों को रवींद्रनाथ महतो के हाथों से पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल समाज को एकता, अनुशासन और संघर्ष की भावना सिखाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और राज्य का नाम रोशन करें। प्रतियोगिता का समापन तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ।

