तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, विधानसभाध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
राष्ट्र संवाद सं
नाला : विधानसभा क्षेत्र के तीलाबनी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे पूरा मैदान दर्शकों की तालियों से गूंज उठा। टूर्नामेंट के फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभाध्यक्ष रवीन्द्रनाथ महतो शामिल हुए।
महतो ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के प्रति सभी का जोश और उत्साह देखते ही बनता है। उन्होंने कहा कि जीवन में खेल का भी उतना ही महत्व है जितना पढ़ाई का, क्योंकि खेल अनुशासन, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल के माध्यम से समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया।
इस मौके पर नाला प्रखंड के उप-प्रमुख समर माजी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरण किया गया। समारोह में स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

