जामताड़ा उपायुक्त ने कुंडहित में दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को कुंडहित प्रखंड में आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने तीन पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता दें। पंडालों में आपातकालीन निकास मार्ग, एक तरफ प्रवेश एवं दूसरी तरफ निकास द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरा और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि कई पंडाल सड़क किनारे बनाए गए हैं, इसलिए यातायात बाधित न हो, इसके लिए वालंटियर तैनात कर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर स्तर पर तत्पर है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले रजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


