चांडिल बाजार में कंटेनर ने तोड़ा दुर्गा पूजा लाइट गेट, लोगों में आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल (पुरुलिया मार्ग)। शुक्रवार देर रात करीब 11.30 बजे चांडिल बाजार में दुर्गा पूजा समिति द्वारा लगाए गए इलेक्ट्रिक लाइट गेट को एक हाइट कंटेनर वाहन ने क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
गौरतलब है कि चांडिल बाईपास रोड चालू होने के बाद पुलिस प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए थे। बावजूद इसके देर रात बाजार से कंटेनर का गुजरना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।
भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों में जुटी पूजा समिति को इस घटना से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। समिति के वरीय सदस्य एवं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष देवाशीष राय ने थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में पूजा महोत्सव के दौरान किसी भी तरह का भारी वाहन प्रवेश न कर सके, यह सुनिश्चित किया जाए ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
राय ने कहा कि दुर्गा पूजा लोगों की आस्था और अस्मिता से जुड़ा महापर्व है। ऐसे में प्रशासन को पूरी एहतियात बरतते हुए सुरक्षा व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा का आनंद ले सकें।

