झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो पहुंचे बेंगलुरु, 11वें सीपीए सम्मेलन में होंगे शामिल
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
रांची: झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो बेंगलुरु पहुंचे हैं, जहाँ वे 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले 11वें सीपीए (कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन) सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। यह सम्मेलन भारतीय संसदीय परंपराओं को सुदृढ़ करने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
इस कार्यक्रम में लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही देशभर के सभी राज्यों के विधानसभा अध्यक्ष इस सम्मेलन में भाग लेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में संसदीय कार्यप्रणाली, प्रतिनिधि संस्थाओं की भूमिका, विधायिका की पारदर्शिता और जनसंपर्क को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने बेंगलुरु रवाना होने से पूर्व कहा कि यह सम्मेलन न केवल अनुभव साझा करने का अवसर देगा, बल्कि राज्यों की विधानसभाओं के बीच आपसी सहयोग और सीखने की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन से निकलने वाले निष्कर्ष राज्यों की विधानसभाओं की कार्यक्षमता और जवाबदेही को और मजबूत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सीपीए सम्मेलन एक ऐसा मंच है, जहाँ भारत के विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं के प्रतिनिधि एक साथ बैठकर संसदीय लोकतंत्र की चुनौतियों और अवसरों पर विचार-विमर्श करते हैं। इस बार का आयोजन बेंगलुरु में हो रहा है, जिसे लेकर कर्नाटक विधानसभा ने व्यापक तैयारियां की हैं। रबीन्द्रनाथ महतो की इस भागीदारी से झारखंड विधानसभा की सक्रिय भूमिका राष्ट्रीय स्तर पर और भी सशक्त रूप से सामने आएगी।

