सड़क हादसे में युवक की मौत, टायर जलाकर परिजनों ने किया बर्मामाइंस में सड़क जाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना अंतर्गत ट्यूब कंपनी गेट के समीप गुरुवार तड़के सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नामदा बस्ती निवासी शरणजीत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे शरणजीत अपने दोस्त को टाटानगर रेलवे स्टेशन छोड़ने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजनों व बस्तीवासियों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची बर्मामाइंस थाना पुलिस लोगों को शांत कराने और जाम हटाने का प्रयास कर रही है।

