स्वास्थ्य मंत्री की राजनीति कैमरे तक सीमित, जामताड़ा के मरीजों की जान की कोई कीमत नहीं:अब्दुल रकीब
इलाज में देरी से अख्तर अंसारी की मौत, अस्पताल प्रबंधन व मंत्री पर उठाया रकीब ने सवाल।
मरीज मर रहे, मंत्री फोटो खिंचवा रहे मौलाना रकीब ने साधा निशाना।
राष्ट्र संवाद सं/जामताड़ा
झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर उस समय उजागर हुई जब नारायणपुर प्रखंड के बंदरचुवा गांव निवासी अख्तर अंसारी की मौत रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती के बाद पूरे एक सप्ताह तक केवल एडमिट प्रक्रिया में ही समय बर्बाद किया गया। इलाज शुरू होने में हुई देरी ने अख्तर की हालत को इतना बिगाड़ दिया कि आखिरकार उनकी जान चली गई। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष मौलाना अब्दुल रकीब अंसारी ने इस घटना को झारखंड सरकार और स्वास्थ्य मंत्री की नाकामी बताया। उन्होंने कहा कि अख्तर अंसारी की मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई है। स्वास्थ्य मंत्री सिर्फ कैमरों और सोशल मीडिया तक सीमित राजनीति करते हैं। उन्हें जनता की जान और स्वास्थ्य की कोई परवाह नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता को मदद करने में भी मंत्री विफल रहते हैं। जामताड़ा में आए दिन एंबुलेंस और दवा की किल्लत से मरीज परेशान रहते हैं। छोटे-मोटे टेटनेस इंजेक्शन तक कर्माटांड़ अस्पताल में उपलब्ध नहीं होते। यह हैरत की बात है कि जिस जनता ने वोट देकर उन्हें इस मकाम तक पहुंचाया, वही जनता अब बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं से जूझ रही है। अल्पसंख्यक मुस्लिम समाज डॉक्टर इरफान अंसारी की योजनाओं से खुद को ठगा महसूस कर रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं में विकास न मिलना, हेमंत सोरेन सरकार की गंभीर नाकामी को दर्शाता है। मौलाना अब्दुल रकीब अंसारी ने राज्य सरकार से मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो, दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन को सख्त सजा दी जाए, संबंधित निजी अस्पताल की मान्यता रद्द की जाए और मृतक अख्तर अंसारी के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों का भी कहना है कि गरीबों के इलाज को लेकर सरकार और स्वास्थ्य मंत्री सिर्फ दिखावटी वादे करते हैं। जमीन पर उनकी कथनी और करनी में बड़ा फर्क साफ दिखता है। यह घटना डॉक्टरों की लापरवाही और अमानवीयता उजागर करती है, बल्कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की विश्वसनीयता पर भी गहरा सवाल खड़ा करती है।

