जामताड़ा में आदि कर्मयोगी अभियान की समीक्षा बैठक, चिन्हित गांवों के विकास पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा, 30 अगस्त 2025। समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद की अध्यक्षता में आदि कर्मयोगी अभियान से संबंधित प्रखंड स्तरीय मास्टर ट्रेनरों के तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अन्य बिंदुओं पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपायुक्त ने बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य आदिवासी समुदाय के समग्र विकास और उन्हें योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिन्हित गांवों के लिए मास्टर ट्रेनर का चयन, क्लस्टर निर्माण, आवश्यक प्रतिवेदन की उपलब्धता और विलेज लेवल प्लान शीघ्र तैयार किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि चिन्हित गांवों में पक्का घर, सड़क, जलापूर्ति, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँगी। इसके लिए 01 से 03 सितम्बर तक नगर भवन दुलाडीह में मास्टर ट्रेनरों का आवासीय प्रशिक्षण होगा, जबकि 08 और 09 सितम्बर को प्रखंड मुख्यालयों में विलेज लेवल मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप और अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

