मंत्री रामदास सोरेन के दिवंगत आत्मा के शांति के लिए बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा के नेतृत्व में शोक सभा आयोजित
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड सभागार में सोमवार को एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मोहम्मद जमाले राजा ने की। शोक सभा का आयोजन झारखंड सरकार के मंत्री रामदास सोरेन के असामयिक निधन पर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए किया गया।
सभा की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने मंत्री रामदास सोरेन के योगदान और उनकी जनसेवा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि रामदास सोरेन ने सदैव समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। वे आदिवासी समाज के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और क्षेत्रीय विकास के लिए समर्पित थे। उनके निधन से राज्य ने एक सच्चा जननायक और कर्मठ नेता खो दिया है।
बीडीओ मोहम्मद जमाले राजा ने कहा कि मंत्री सोरेन का जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता की अलख जगाई थी। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। शोक सभा में उपस्थित प्रखंड स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
सभा के अंत में मंत्री रामदास सोरेन की आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने के लिए प्रार्थना की गई। शोक सभा के वातावरण में गहरी संवेदना और श्रद्धा झलक रही थी। यह आयोजन मंत्री सोरेन के प्रति अधिकारीयों/कर्मीयों की गहरी आस्था और सम्मान का प्रतीक रहा।

