स्वतंत्रता दिवस पर मंच संस्था ने किया सम्मान समारोह सह साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मंच (साहित्य कला चौपाल) संस्था द्वारा दिनांक 15 अगस्त 2025 को सम्मान समारोह सह साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन साकची पुराना कोर्ट परिसर स्थित पेंशनर समाज हॉल में किया गया।

संस्था की अध्यक्ष एवं संस्थापक श्रीमती अनीता सिंह “रूबी”, महासचिव श्रीमती कृष्णा सिन्हा, सचिव श्रीमती निवेदिता श्रीवास्तव “गार्गी”, श्री विनोद कुमार एवं श्याम नारायण जी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आ. रेणु सिंह (स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह की परपोती) उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में मंच के साहित्यकार निवेदिता श्रीवास्तव “गार्गी”, सविता सिंह “मीरा” एवं अरविंद तिवारी को उनके हाल ही में हरिद्वार स्थित काशी विद्यापीठ से प्राप्त विद्या वाचस्पति सम्मान के लिए पुनः सम्मानित किया गया। इसे संस्था द्वारा साहित्यिक क्षेत्र में नई सोच और पहल बताया गया।

कार्यक्रम का संचालन संस्थापक सह अध्यक्ष अनीता सिंह “रूबी” ने किया। इस अवसर पर काव्य पाठ करने वालों में वसंत जमशेदपुरी, बबली मीरा, सरिता सिंह, हरिहर राय चौहान, संगीता मिश्रा, विनोद बेगाना, राजेंद्र सिंह, भोगेंद्र झा, अविनाश, पूनम सिंह, सुधांशु पांडेय, डॉ. सुनीता बेदी, डॉ. संजय सनेही, सविता सिंह “मीरा”, निवेदिता श्रीवास्तव “गार्गी” और अरविंद तिवारी शामिल रहे।

सभी कवियों ने स्वतंत्रता दिवस की गरिमा को समर्पित देशभक्ति से ओतप्रोत रचनाओं के माध्यम से अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
अंत में पूनम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


