जामताड़ा में CSP लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार व नकदी बरामद
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा, 31 जुलाई 2025:
दिनांक 28 जुलाई 2025 को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम रतनोडीह स्थित एक CSP (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) में अज्ञात अपराधियों द्वारा लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। वादी बिनोद यादव के आवेदन पर थाना करमाटांड़ में कांड संख्या 71/25, धारा 309(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा की गई गहन जांच, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर 31 जुलाई को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कठबरारी गांव के पास छापामारी की गई, जहां से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अजमुल अंसारी (सुब्दीड़ीह, करमाटांड़) और बिनोद रवानी (मानपुर, नारायणपुर) के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने लूट में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, लूट में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा ₹7000 नगद बरामद किए गए। उन्होंने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी: थाना प्रभारी अभय कुमार, पु.अ.नि. नितीश कुमार, स.अ.नि. रघुवंश सिंह, हवलदार चुनकुलाल हेम्ब्रम, आरक्षी संतोष दास, जयदेव महतो, प्रेमसुख टोप्पो व बशीर शेख शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक ने छापामारी दल की सराहना की है और लूटकांड के शेष अभियुक्तों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।

