मानसून सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की उच्च स्तरीय बैठक
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
रांची:झारखंड विधानसभा के आगामी मानसून सत्र की तैयारियों को लेकर आज पूर्वाह्न 11:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर समेत राज्य सरकार के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जिन पदाधिकारियों को सदन में प्रश्नों के उत्तर देने की जिम्मेदारी है, वे उत्तर इस प्रकार तैयार करें कि वह प्रश्नों की भावना को पूरी तरह संतुष्ट कर सके। साथ ही मंत्रीगण सदन में दिए गए आश्वासनों की गरिमा बनाए रखें। सभी विभाग चार बजे अपराह्न तक उत्तर विधानसभा सचिवालय को उपलब्ध कराएं और विधेयकों को समय पर सौंपें ताकि सदस्य उन्हें अध्ययन कर सकें।
संसदीय कार्य मंत्री ने निर्देश दिया कि 4 अगस्त को प्रस्तुत होने वाले प्रथम अनुपूरक बजट के लिए वित्त विभाग के पदाधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। साथ ही अन्य विभागों को भी विषयों पर पूर्व तैयारी के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधानसभा प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम, मुख्य सचिव अलका तिवारी, पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना डादेल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

