परिसदन सभागार में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में योजनाओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिला परिसदन सभागार, जामताड़ा में आज ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की माननीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद (भा.प्र.से.) ने मंत्री महोदया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक के दौरान मंत्री महोदया ने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी और निर्देश दिया कि तय लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खासतौर पर अबुआ आवास योजना के शीघ्र पूर्ण होने पर बल देते हुए कहा कि लाभुकों को समय पर आवास मिलना चाहिए, किसी भी प्रकार की बाधा की जानकारी सीधे दी जाए।
मनरेगा के तहत सभी पंचायतों में कम से कम पांच योजनाएं चालू रखने और लंबित योजनाओं को बंद करने के निर्देश दिए गए। जलछाजन परियोजनाओं को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। जेएसएलपीएस की समीक्षा करते हुए महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा गया। मंत्री महोदया ने फूलों की खेती को बढ़ावा देने और इससे ग्रामीणों को जोड़ने का सुझाव भी दिया।
अभियांत्रिकी विभाग के संदर्भ में उन्होंने सड़क व पुल/कलवर्ट की कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों की अनुशंसा शीघ्र भेजने को कहा ताकि आवश्यक स्वीकृति व बजट उपलब्ध कराया जा सके। सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध ढंग से करें और सभी संचालित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्री पंकज कुमार रवि, ग्रामीण कार्य एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, जेएसएलपीएस के डीपीएम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

