कुंडहित प्रखंड में SSG 2025 ऐप के माध्यम से सिटीजन फीडबैक अभियान की शुरुआत
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: कुंडहित प्रखंड में ‘स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2025’ (SSG 2025) के अंतर्गत नागरिक फीडबैक को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंडहित मोहम्मद जमाले राजा के निर्देश पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की उपस्थिति में प्रखंड क्षेत्र के सभी राशन डीलरों को SSG 2025 मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया गया। इस दौरान डीलरों को ऐप के माध्यम से सिटीजन फीडबैक लेने की प्रक्रिया को समझाया गया और उनका सक्रिय सहयोग सुनिश्चित किया गया।
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी राशन डीलरों को निर्देश दिया कि वे प्रतिदिन कम से कम 20 ग्रामीणों या अपने नजदीकी रिश्तेदारों से ओटीपी के माध्यम से ऐप में फीडबैक दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि यह फीडबैक न केवल सरकार को स्वच्छता की जमीनी हकीकत समझने में मदद करेगा, बल्कि ग्राम स्तर पर जनसहभागिता को भी प्रोत्साहित करेगा।
इस कार्य में तकनीकी सहयोग प्रखंड वॉश समन्वयक (SBM-G) एवं प्रखंड समन्वयक (ISA) द्वारा प्रदान किया गया। दोनों समन्वयकों ने डीलरों को ऐप के प्रयोग, ओटीपी प्रक्रिया तथा नागरिक फीडबैक दर्ज करने की सम्पूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऐप के माध्यम से ग्रामीणों की राय सीधे केंद्र तक पहुंचेगी, जिससे स्वच्छता सुधार की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे।
इस पहल को लेकर डीलरों ने भी सकारात्मक रूख दिखाया और फीडबैक अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। प्रशासन की यह पहल स्वच्छता मिशन को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

