राष्ट्र संवाद ब्यूरो कमाल अहमद
भिलाई: छत्तीसगढ़ के शराब घोटाला मामले में ईडी की टीम ने आज पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निवास में छापा मारा. ईडी ने चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर विशेष कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है. इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ED का पुतला दहन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई.
पूर्व सीएम भूपेश के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत, ED के खिलाफ कल प्रदेशभर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध करार देते हुए केंद्र सरकार और ईडी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं पार्टी ने ऐलान किया है कि 19 जुलाई को पूरे प्रदेशभर में ED के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से इस संबंध में सभी जिलों को निर्देश भेजा गया है। जिसमें सभी जिला मुख्यालयों में पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के सांसद, विधायक, पार्षद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पर जिस तरह से छापा मारा, वह पूरी तरह से बदले की राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बघेल के परिवार को डराने और धमकाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अब इस सरकार से बुरी तरह त्रस्त हो चुकी है। यही वजह है कि कभी केंद्रीय मंत्रियों के काफिले को रोका जा रहा है, तो कभी उपमुख्यमंत्री की गाड़ियों को। सत्ता पक्ष के सांसदों तक को अब जनता का सामना करने में मुश्किल हो रही है। सरकार डराने की कोशिश कर रही है। यह छत्तीसगढ़ की जनता को भी मंजूर नहीं है।
दीपक बैज ने साफ किया कि यह कार्रवाई लोकतंत्र के खिलाफ है और कांग्रेस इसका जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने ऐलान किया कि 19 जुलाई, शनिवार को छत्तीसगढ़ के सभी ज़िलों में ईडी के खिलाफ प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा। कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई को सत्ता का दुरुपयोग बताया है और आगामी 19 जुलाई को पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन की तैयारी में जुट गई है।
क्या है मामला?
आज सुबह 6 बजे ईडी की टीम ने भिलाई स्थित भूपेश बघेल के आवास पर छापा मारा। यह छापा शराब घोटाले से जुड़ा बताया जा रहा है। करीब 8 अधिकारियों की टीम दो गाड़ियों में पहुंची और इस दौरान छानबीन के बाद भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार कर रायपुर की न्यायधीश डमरूधर चौहान विशेष कोर्ट में पेश किया गया। मामले में सुनवाई के बाद कोर्ट ने चैतन्य बघेल को 5 दिन की ईडी रिमांड पर भेजा है, जहां उनसे शराब घोटाले में पूछताछ की जाएगी। अब चैतन्य बघेल को ED की टीम 22 जुलाई को शाम 4 बजे विशेष कोर्ट में पेश करेगी।
शराब घोटाला : चैतन्य बघेल रायपुर की विशेष अदालत में पेश, सारे विधायक अदालत पहुंचे
अफसरों ने शराब घोटाला प्रकरण में लंबी पूछताछ के बाद पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया है। इससे पहले की पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पदुम नगर भिलाई तीन स्थित निवास पर भूपेश बघेल के समर्थन एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी संख्या में जमावड़ा रहा। कुछ कार्यकर्ता ईडी की गाड़ी के सामने लेट गए। तनावपूर्ण माहौल के बीच भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किसी तरह चैतन्य बघेल को रायपुर लाया गया है। विशेष बात यह है कि कि आज ही चैतन्य बघेल का जन्मदिन भी है।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कांग्रेस विधायक जिला अदालत पहुंचे हैं। विधायकों ने विधानसभा की कार्रवाई के आखिरी दिन का बबहिष्कार किया।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ईडी की कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में कोई और नहीं दे सकता।
मेरे जन्मदिन पर दोनों परम आदरणीय नेताओं ने मेरे सलाहकार, और दो ओएसडी के घरों पर ईडी भेजी थी। और अब मेरे चैतन्य के जन्मदिन पर घर पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है। इन तोहफो का धन्यवाद। ताउम्र याद रहेगा।
कहा जा रहा है कि ईडी की टीम शराब घोटाला प्रकरण पर जांच के लिए पूर्व सीएम श्री बघेल के भिलाई-3 पदुमनगर स्थित निवास पर सुबह करीब सवा 6 बजे पहुंची। ईडी के अफसरों के साथ सीआरपीएफ के जवान भी थे। जैसे ही ईडी की कार्रवाई की सूचना कांग्रेस नेताओं को हुई। दुर्ग-भिलाई के नेता, और कार्यकर्ता वहां पहुंचने लगे। भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव, और पूर्व विधायक अरूण वोरा व दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस के अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए।
बताया गया कि ईडी अफसरों ने पूर्व सीएम के पुत्र चैतन्य को अलग कमरे में घंटों पूछताछ की। पूर्व सीएम भूपेश बघेल सुबह साढ़े 10 बजे विधानसभा के लिए रायपुर रवाना हो गए। तब तक ईडी की पूछताछ चल रही थी। इसके बाद ईडी अफसर, चैतन्य को साथ लेकर रायपुर के लिए निकल गए।
बघेल निवास से निकलने में ईडी की टीम को काफी कठिनाई हुई। आधा दर्जन इनोवा बघेल निवास के बाहर खड़ी थी, और कार्यकर्ता गाड़ी के सामने लेट गए। सीआरपीएफ, और पुलिस के जवानों ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को हटाया, और फिर चैतन्य को ईनोवा में बिठाकर रायपुर के लिए रवाना हुए।
इससे पहले ईडी की कार्रवाई पर सीएम ने एक के बाद एक द्वीट किए हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है। अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा उठाना था। भिलाई निवास में ‘साहेब’ ने ईडी भेज दी है। उल्लेखनीय है कि ईडी की टीम पहले भी चैतन्य से लंबी पूछताछ कर चुकी है। केन्द्रीय जांच एजेंसी दूसरी बार पूर्व सीएम के निवास पहुंची है।
पूरा विपक्ष भूपेश के साथ-महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अगुवाई में सदन के आखिरी दिन विपक्ष ने शून्यकाल के बाद सदन की कार्रवाई का बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष, भूपेश बघेल के साथ हैं। यह सब सरकार के दबाव में हो रहा है। अडानी की पेड़ कटाई का विरोध करने पर कार्रवाई हो रही है। हम किसी दबाव में डरने वाले नहीं हैं।
पृष्ठ रचनाकार: सिराज अंसारी जामताड़ा


