राष्ट्र संवाद संवाददाता सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना अंतर्गत गेट नंबर वन के पास बृहस्पतिवार की शाम 4:00 बजे से 6:30 बजे तक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में कुल 60 वाहनों से ₹62,000 का चालान काटा गया। कार्यवाही के दौरान चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट नहीं पहनने वाले चार चालकों का चालान काटा गया। इसके अलावा जिन वाहन चालकों के पास आवश्यक दस्तावेज — जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र या दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट नहीं था — उन सभी पर चालान की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

