तीन-चार साल से पेंशन नहीं मिलने की समस्या को लेकर आए बुजुर्ग व्यक्ति की पेंशन संबंधित समस्या को उपायुक्त ने 1 घंटे में करवाया समाधान; बुजुर्ग व्यक्ति ने जताया आभार
आज दिनांक 08.07.2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी, जामताड़ा श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा कार्यालय के सभागार प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन कर आमजनों की समस्याओं को सुना गया।
_*उपायुक्त ने लोगों की सुनी शिकायतें; समाधान हेतु अधिकारियों को दिया निर्देश*_
आयोजित जनता दरबार में जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए आमजनों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त से गुहार लगाई। उपायुक्त ने सभी आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनी एवं शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
_*जनता दरबार में उपायुक्त की संवेदनशीलता से फरियादी हुए प्रभावित; ऑन स्पॉट समस्याओं के निष्पादन से फरियादियों में दिखी खुशी*_
इस दौरान उपायुक्त के समक्ष मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, आवास, पेंशन, मईया सम्मान योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, भूमि विवाद, जमीन अतिक्रमण, भू अर्जन से जुड़े मामले, अनुकंपा एवं पेंशन सहित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुई। उपायुक्त ने जनता दरबार में सभी लोगों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक बारी बारी से सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। जनता दरबार में एक फरियादी ने बताया कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत उसने आवेदन किया है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी से पृच्छा करते हुए उक्त व्यक्ति को बताया कि जिला से आपके आवेदन को भेजा जा चुका है, राज्य स्तर से लंबित है, अप्रूवल मिलते ही आपको लाभ मिल जाएगा। वहीं आवास को लेकर अपनी समस्या बताई। वहीं अन्य ने जमीन अधिग्रहण के बाद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की, उपायुक्त ने संबंधित विभाग के कर्मी को बुलाकर जानकारी ली बताया कि आवंटन के अभाव में मुआवजा भुगतान लंबित है, आवंटन प्राप्त होते ही भुगतान कर दिया जाएगा। वहीं एक महिला फरियादी ने सड़क दुर्घटना के तहत मिलने वाले मुआवजा भुगतान को लेकर गुहार लगाया, उपायुक्त ने शीघ्र मुआवजा भुगतान को लेकर संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
_*बीडीओ को फोन कर उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई का दिया निर्देश*_
इसके अलावा एक फरियादी द्वारा आवास नहीं मिलने एवं काफी दयनीय स्थिति में गुजर बसर करने साथ ही पत्नी के दिव्यांग रहने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बीडीओ को फोन कर त्वरित कार्रवाई कर आवास आवंटित करने का निर्देश दिया वहीं उक्त व्यक्ति के क्षतिग्रस्त मकान के एवज में सीओ को मुआवजा भुगतान हेतु समुचित कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा एक फरियादी ने रिकॉर्ड रूम से जरूरी दस्तावेज की मांग को लेकर साल भर से परेशान होने की बात कही, उपायुक्त ने त्वरित निर्देश देते हुए दस्तावेज देने का निर्देश दिया।
_*अत्यधिक बिजली बिल की शिकायत को सुधारें अधिकारी*_
वहीं कई फरियादियों के द्वारा बिजली बिल अधिक आ जाने की शिकायत की गई एवं बिजली विभाग के अधिकारी एवं कर्मी पर दुर्व्यवहार एवं अनावश्यक रूप कार्यालय में दौड़ाने का आरोप लगाया गया। उपायुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए बिजली बिल में सुधार करने और अत्यधिक बिजली बिल आगे से किसी का नहीं आए, इसे सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया। वहीं ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर जेई के द्वारा राशि की मांग को लेकर प्राप्त शिकायत पर जांचोपरांत कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पूर्व में जनता दरबार में आई एक महिला के द्वारा पुनः आवेदन किए जाने में अपनी समस्याओं को स्पष्ट नहीं रखने को लेकर उपायुक्त ने प्रखंड स्तर से किसी अधिकारी को मामले की विस्तृत जानकारी लेकर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। वहीं स्पॉन्सरशिप योजना, मईया सम्मान योजना सहित अन्य शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित कार्यालय के कर्मी की बुलाकर अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
_*महिला फरियादी ने पेंशन और अनुकम्पा पर नियुक्ति को लेकर लगाई गुहार*_
आयोजित जनता दरबार में एक महिला फरियादी ने उपायुक्त के समक्ष रोते हुए बताया कि उनके पति लिपिक पद पर थे, करीब 1.5 साल पहले उनके पति की मृत्यु हो गई है, उनके दो बच्चे हैं। ससुराल वालों के द्वारा उन्हें काफी प्रताड़ित किया जा रहा है, उनके दस्तावेज को छिपाकर रख लिया गया है, अब तक न तो पेंशन चालू किया गया है न ही अनुकंपा पर नियुक्ति हुई है। उपायुक्त ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जरूरी कार्रवाई हेतु संबंधित कर्मी को बुलाकर निर्देश दिया। वहीं उक्त महिला को उपायुक्त ने ढांढस बढ़ाते हुए कार्रवाई को लेकर आश्वस्त किया।
_*उपायुक्त के निर्देश पर वर्षों से लंबित पेंशन के मामले 1 घंटे में हुए निष्पादित; फरियादी ने जताया आभार*_
जनता दरबार में उपायुक्त के समक्ष पेंशन से संबंधित दो ऐसे मामले आए, जो वर्षों से लंबित थे। जिसमें एक मामला दिव्यांग व्यक्ति के पेंशन का था जो करीब 6 वर्षों से पेंशन के लिए कार्यालयों का चक्कर काट रहे थे, वहीं एक अन्य मामला बुर्जुग व्यक्ति के पेंशन का था जो करीब तीन-चार वर्षों से परेशान थे, थक हारकर वे आज उपायुक्त के समक्ष आए। उपायुक्त ने उनकी समस्या को सुना एवं तुरंत सामाजिक सुरक्षा के कर्मी को बुलाकर जांच करते हुए 1 घंटे के अंदर पेंशन स्वीकृति का निर्देश दिया। संबंधित कार्यालय के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का निष्पादन किया गया। उपायुक्त के द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए फरियादियों ने आभार जताया, और बोले कि जनता दरबार में आते ही डेढ़ घंटे के अंदर समस्या सॉल्व हो गया। कहा कि यहां तुरंत काम हो जाता है।
_*जनता दरबार के माध्यम से अपनी शिकायतों को हमारे समक्ष लाएं- उपायुक्त*_
उपायुक्त ने कहा कि आज सभागार में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें करीब 30 से अधिक लोगों ने अपनी शिकायतें एवं संबंधित मामलों को हमारे समक्ष रखा। सभी समस्याओं के समाधान करने हेतु संबंधित अधिकारियों निर्देश दिया गया है। कई समस्याओं का त्वरित ऑन स्पॉट समाधान दिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस प्रकार की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें। वहीं उपायुक्त ने आगे कहा कि सभी लोगों से अनुरोध है कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में आप अपनी शिकायतों को हमारे समक्ष लाएं, ताकि उसे जल्द से जल्द समस्याओं को दूर कर सके।
*_उल्लेखनीय है कि_* प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मध्याह्न 1 बजे तक उपायुक्त श्री रवि आनंद (भा०प्र०से०) के द्वारा कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया जा रहा है।

