जामताड़ा: पीएम किसान योजना के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले दो साइबर अपराधियों को जामताड़ा साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी झारखंड के साथ-साथ गुजरात और उत्तर प्रदेश में भी अपने नेटवर्क के ज़रिए साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में कैश, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेज़ बरामद हुए हैं।
जामताड़ा साइबर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। फतेहपुर थाना क्षेत्र के मुरीडीह स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर के पास छापेमारी कर दो साइबर अपराधियों — माजिद अंसारी और फिरोज अंसारी को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों आरोपी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत राशि दिलाने के नाम पर लोगों से उनकी बैंक डिटेल्स और OTP लेकर खातों से पैसे उड़ा लेते थे। पुलिस ने मौके से एक लाख दो हजार नगद, आठ मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, दो एटीएम कार्ड, एक चेकबुक और एक पैन कार्ड बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि आरोपी न सिर्फ झारखंड, बल्कि गुजरात और उत्तर प्रदेश के लोगों को भी अपना शिकार बनाते थे। इनकी गिरफ्तारी के बाद साइबर ठगी के कई मामलों में खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

