राष्ट्र संवाद संवाददाता: सिराज अंसारी जामताड़ा
जामताड़ा। आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए नारायणपुर थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे नारायणपुर बाजार और मुरली पहाड़ी इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस निरीक्षक, सार्जेंट और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। फ्लैग मार्च का नेतृत्व कर रहे नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। थाना प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली किसी भी पोस्ट पर प्रशासन की सख्त नजर है। ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना तथा असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना है कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

