जमशेदपुर में अमूल दूध गोदाम में भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।शनिवार तड़के जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सिमुलडांगा स्थित अमूल दूध कंपनी के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। साथ ही, जमशेदपुर से विशेष रेस्क्यू टीम को भी रवाना किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने का कारण संभवतः शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और घना धुआं करीब 2 किलोमीटर के दायरे में फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह गोदाम ‘गुजराती सहकारी दूध वितरण संघ लिमिटेड’ के नाम से करीब एक एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं, हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पूरी तरह से बुझाई नहीं जा सकी थी।
प्रशासन की ओर से राहत व बचाव कार्य तेज कर दिया गया है और नुकसान के आकलन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

