नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बिरसानगर गुड़िया मैदान में भाजपा कार्यकर्ता करेंगे योगाभ्यास, पूर्व सीएम रघुवर दास भी होंगे शामिल
जमशेदपुर। नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा कार्यकर्ता आमजनों के संग योगाभ्यास कर योग दिवस मनाएंगे। बुधवार को जमशेदपुर पुर्वी विधानसभा अंतर्गत बिरसानगर जोन नंबर 1 स्थित गुड़िया मैदान में भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से आयोजित होने वाले योग दिवस के कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्यरूप से शामिल होंगे। पार्टी ने प्रातः 6:00 बजे कार्यकर्ताओं से गुड़िया मैदान में जुटने का आह्वान किया है। योग दिवस की सफलता को लेकर भाजपा ने सभी मंडलों में बैठक कर कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में गुड़िया मैदान आने और योग करने की अपील की है। इस संबंध में योग दिवस के प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से समस्त विश्व ने योग की महत्ता को स्वीकारा है और उसे अपनाया है। हम सभी योग अपनाकर निरोग रहने का संकल्प लें और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना सहयोग करें। वहीं, भाजपा ने शहर के प्रबुद्धजनों से योग दिवस पर बिरसानगर गुड़िया मैदान में आने का आग्रह किया है।