समाहरणालय सभागर में उपायुक्त आंजनेयुलु दोड्डे की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी।बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त ने पूर्व की बैठक में दिए गए निदेशों के अनुपालन की समीक्षा की एवं आवश्यक निदेश दिए
उपायुक्त ने कहा कि 30 अगस्त से 15 सितंबर 2024 तक “आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार” कार्यक्रम का तीसरा चरण पूरे जिले में आयोजित किया जाना है।कहा कि कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन हेतु सभी प्रखंड विकास पादधिकारी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण कर लें।शिविर के आयोजन के संबंध में सभी प्रखंडो में आवश्यक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करें ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में पहुँचे एवं सरकार के कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।
उन्होंने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पादधिकारी को निदेश दिया कि सभी योग्य लाभुकों से आवेदन प्राप्त किये जायें एक भी योग्य लाभुक योजना से वंचित नहीं रहे इसे सुनिश्चित करें।जानकारी दी गयी कि वर्तमान में जिले में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत कुल 185817 आवेदन प्राप्त हुए हैं।जिनमें 95.97 प्रतिशत यानि 178326 आवेदनों को स्वीकृत कर दिया गया है।158734 लाभुकों को भुगतना हेतु सूची बैंकों को भेज दी गयी है जिनमें 149296 लाभुकों के खाते में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि सफलतापूर्वक भेजी जा चुकी है।जल्द ही सभी लाभुकों को योजना की राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।
जेएसएलपीएस की समीक्षा करते हुए कहा कि पीएम जनमन के तहत वन धन विकास केंद्र सुचारू रूप से कार्यरत किया जाए।व्यापार योजना के तहत जो उनकी गतिविधियां तय है उसको सुनिश्चित करते हुए कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ किया जाए। उन्होंने कहा कि मुद्रा लोन के तहत जो ऋण भुगतान बैंकों में लंबित है।संबंधित शाखा प्रबंधक जल्द से जल्द उक्त आवेदनों को स्वीकृत करने का कार्य करें ताकि व्यक्तिगत ऋण का लाभ आमजनों को मिल सके।वैसे आवेदन जिसमें किसी प्रकार की त्रुटि है उन्हें दूर करते हुए ऋण का लाभ प्रदान किया जाय।
पशुपालन एवं गव्य विकास के तहत मुख्यमंत्री पशुधन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निदेश दिया कि प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों का चयन करते हुए जल्द से जल्द उन्हें आच्छादित किया जाय।इस दैरान उन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत पशु बीमा एवं पशु बीमा क्लेम के संबंध में समीक्षा करते हुए आवश्यक निदेश दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड ऋण माफी योजना के तहत वैसे लाभुक जिन्हें अब तक लाभ नहीं मिला है उन्हें अविलंब योजना का लाभ प्रदान किया जाय।जानकारी दी गयी कि राशन कार्ड एवं ई केवाईसी में भिन्नता रहने के कारण कई लाभुकों को लाभ नहीं मिल सका है।राशन कार्ड में नाम सुधार कर पुनः ई केवाईसी कर वे योजना का लाभ ले सकेंगे।इस दौरान उन्होंने 2024-25 खरीफ मौसम में 50 प्रतिशत एवं 100 प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण की भी समीक्षा की।किसान क्रेडिट कार्ड की समीक्षा करते हुए उन्होंने निदेश दिया कि सभी योग्य लाभुकों को केसीसी से जोड़ा जाए।कहा कि पीएम किसान योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निदेश दिया कि वैसे लाभुक जिनका ई केवाईसी एवं लैंड सीडिंग लंबित है उनका ई केवाईसी एवं लैंड सीडिंग जल्द से जल्द करने का कार्य करें।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि वैसे लाभुक जिनका राशन कार्ड से आधार सीडिंग अब तक नहीं हुआ है वैसे लाभुकों को चिन्हित करते हुए आधार सीडिंग का कार्य जल्द से जल्द करें।इस दौरान राशन वितरण की समीक्षा की एवं निर्देश दिया कि लाभुकों को प्रत्येक माह निर्धारित मात्रा में निश्चित रूप से राशन उपलब्ध कराया जाए। डाकिया योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि आदिम जनजाति परिवार को डाकिया योजना के तहत प्रत्येक माह 35 किलोग्राम राशन उपलब्ध कराया जाए।जानकारी दी गयी कि ऑनलाइन माध्यम से 6972 परिवारों को प्रत्येक माह राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत लाभुकों को चिन्हित करते हुए उन्हें योजना से जोड़ा जाए।सभी प्रखंड अपने-अपने प्रखंडों में उक्त योजना के तहत लाभुकों का चयन कर प्राप्त लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करें।जानकारी दी गयी कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के प्राप्त लक्ष्य का 86.41 प्रतिशत प्राप्त कर लिया गया है।
सामाजिक सुरक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए विभिन्न पेंशन योजना एवं पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि वैसे विद्यालय जहां अभी भी बिजली शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था नहीं है को चिन्हित करते हुए संबंधित विभाग को अवगत कारण ताकि जल्द से जल्द उक्त सारी व्यवस्थाएं विद्यालय में सुनिश्चित कराई जा सके। साथ ही वैसे विद्यालय जो जर्जर अवस्था में है उनको ध्वस्त करने का कार्य जल्द से जल्द किया जाए।
इस दौरान उन्होंने कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत प्राप्त ऑनलाइन आवेदनों की समीक्षा की।जानकारी दी गयी कि जिला सस्तरीय चयन समिति के द्वारा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना हेतु अलग अलग कोटि के कुल 80 लाभुकों का चयन किया गया है एवं राशि की मांग की गयी है। उन्होंने प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति,पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की समीक्षा करते हुए लाभुकों को योजना का लाभ देने का निदेश दिया है।इस दौरान साईकल वितरण की भी समीक्षा की गयी।
उपायुक्त ने कहा कि ग्राम स्तर पर गठित सिदो कान्हू युवा क्लब क्लब का निबंधन जल्द से जल्द कराया जाय ताकि क्लब को दी जाने वाली 25000 हज़ार की राशि उन्हें उपलब्ध करायी जा सके।कहा कि जिले के 2872 ग्राम में 2407 गाँव मे क्लब का गठन किया जाना है एवं 2003 ग्राम में क्लब का गठन किया जा चुका है।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में सभी योजनाओं को शत प्रतिशत पूर्ण करें।इस दौरान उन्होंने कहा कि हर घर जल सर्टिफिकेशन का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें।जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों को भी ससमय पूर्ण करें।
इस दौरान मनरेगा के तहत अबुआ आवास योजना,बिरसा हरित ग्राम योजना,बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना,वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना की समीक्षा की एवं आवश्यक निदेश दिया।
इस दौरान उन्होंने अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निदेश दिए।

