प्रमंडलीय आयुक्त ने जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
मतदाता पुनरीक्षण कार्यों का लिया जायजा, त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण हेतु दिए कई अहम दिशा निर्देश
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: प्रमंडलीय आयुक्त, संताल प्रमंडल, दुमका श्री लालचंद डाडेल (भा०प्र०से०) द्वारा जामताड़ा जिला अंतर्गत 08 नाला विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर द्वितीय संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया गया।
इससे पूर्व प्रमंडलीय आयुक्त के जामताड़ा आगमन पर अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा श्री अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती अनिता केरकेट्टा, प्रखंड विकास पदाधिकारी फतेहपुर के द्वारा बुके देकर स्वागत किया गया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों के संग विभिन्र मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चल रहे मतदाता सूची द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। *इस क्रम में उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 19, 83 सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।* मतदान केंद्र में निरीक्षण के क्रम में उन्होंने सुधार के लिए कई अहम दिशा निर्देश दिया।
उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी से पुनरीक्षण कार्यक्रम के द्वारा जोड़े गये नये मतदाताओं, वरिष्ठ मतदाताओं, दिव्यांग मतदाताओं, मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त फाॅर्म 06, फाॅर्म 07 एवं फाॅर्म 08 और निष्पादित फाॅर्मों रिजेक्टेड फाॅर्मों के संबंध में विधानसभावार रिजेक्शन फाॅर्मों के कारणों की जानकारी लेकर फाॅर्म रिजेक्शन का सत्यापन अवश्य करने का निर्देश दिया व कहा कि वैध कारण पर ही फाॅर्म को रद्द करें। उन्होंने सभी इआरओ एइआरओ को अपने अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों का नियमित भौतिक निरीक्षण का निर्देश दिया। कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए कि मतदान केंद्रों की जानकारी किसी को नहीं हो, उन्होंने बूथ लेवल आफिसर के साथ नियमित बैठक करने एवं कार्य प्रगति की समीक्षा का निर्देश दिया।
वहीं क्षेत्र भ्रमण के क्रम में प्रमंडलीय आयुक्त ने कम वोटिंग वाले मतदान केंद्रों की भी समीक्षा कर संबंधित मतदान केंद्र के मतदाता सूची को दुरूस्त करने, मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने, हाउस टू हाउस सर्वे के दौरान स्टीकर चस्पा करने को लेकर समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं (एएमएफ) का जायजा लिया एवं कमियों को दुरुस्त करने हेतु संबंधित अधिकारी को आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया।
इस मौके पर संबंधित बीएलओ पर्यवेक्षक, बीएलओ के अलावा निर्वाचन कार्यालय के प्रधान सहायक श्री संतोष कुमार एवं अन्य मौजूद रहे।

