सांसद विद्युत महतो के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने की जिला उपायुक्त से मुलाकात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पुर्वी विधानसभा अंतर्गत भुइयांडीह क्षेत्र के कल्याण नगर एवं इंद्रा नगर के करीब डेढ़ सौ घरों को तोड़ने के नोटिस दिए जाने पर भाजपा गंभीर है। इस निमित्त, शुक्रवार को जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव समेत पार्टी के कई वरीय नेतागण मौजूद रहे। जिला उपायुक्त से इस मुलाकात में सांसद विद्युत महतो ने उपायुक्त को जनता की भावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों ने बड़ी मेहनत और मशक्कत के बाद अपना घर बनाया है। प्रशासन की ओर से दिए गए नोटिस में भी कई विसंगतियां देखी गयी है। उन्होंने जिला उपायुक्त से कहा कि घरों को उजाड़ने से पहले इन सबके पुनर्वास की बात स्पष्ट रूप से जनता के समक्ष रखी जानी चाहिए।
इस संबंध में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने बताया कि कल्याण नगर और इंद्रा नगर क्षेत्र के लोगों के साथ सांसद विद्युत महतो एवं भारतीय जनता पार्टी पूरी मजबूती से साथ हैं। सांसद विद्युत महतो का भी स्पष्ट मत है कि क्षेत्र के किसी एक घर को भी तोड़ने नही दिया जाएगा।
इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, पवन अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा, मंडल महामंत्री संतोष कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।