अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घाटशिला एवं आस-पास के क्षेत्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
घाटशिला :अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हर साल की तरह इस बार भी घाटशिला एवं आस-पास के क्षेत्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग दिवस के दिन शुक्रवार की सुबह एचसीएल-आईसीसी प्रबंधन की ओर से मऊभण्डार में योग का आयोजन होगा। आईसीसी अधिकारी योग करेंगे। इसी तरह, यूसील जादूगोड़ा में भी योग दिवस के मौके पर योगा का आयोजन किए जाने की तैयारी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर स्थानीय योग समिति सदस्यों की ओर से क्षेत्र के पर्यटन स्थल बुरुडीह डैम में योगा का आयोजन किया जा रहा है जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है। इसी तरह, विभिन्न समितियों एवं शिक्षण संस्थानों की ओर से भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की रणनीति तय की गई है जिसके लिए तैयारी जोरों पर है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घाटशिला स्वर्णरेखा नर्सिंग होम की ओर से हर साल की तरह इस बार भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान महादान के नारे के साथ स्वर्णरेखा नर्सिंग होम के संचालक रंजीत ठाकुर ने बताया कि प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर घाटशिला अनुमण्डल अस्पताल परिसर में आयोजित की जाती थी। हालांकि इस साल रक्तदान शिविर का आयोजन स्वर्णरेखा नर्सिंग होम परिसर में ही होगा। उन्होंने रक्तदाताओं से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील की। कहा कि रक्त की एक-एक बूंद मरते हुए व्यक्ति को नया जीवनदान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर रक्तदान करने से व्यक्ति स्वस्थ भी रहता है। प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान शिविर की सफलता को लेकर कमोवेश सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
