सिकल सेल एनीमिया एक वंशानुगत बीमारी है,जागरूकता एवं सतर्कता इसके बचाव का सबसे बेहतर तरीका है :उपायुक्त
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा : विश्व सिकल एनीमिया दिवस के अवसर पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा श्रीमती कुमुद सहाय के द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का विधिवत दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ सदर अस्पताल में किया गया।
उपायुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस बीमारी को लेकर हमें जागरूक एवं सतर्क रहना जरूरी है, यह एक वंशानुगत बीमारी है जो बच्चों में उनके माता पिता के जरिए होता है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों में इस बीमारी को लेकर समझ एवं पर्याप्त जागरूकता नहीं है, जिसके कारण उनका सही समय पर सही इलाज नहीं मिल पाता है एवं बीमारी काफी बढ़ जाती है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रत्येक कर्मियों से अपील किया कि अधिक से अधिक लोगों के बीच इस बीमारी के दुष्परिणाम के बारे में जागरूकता फैलाएं, ताकि लोग जागरूक होकर इसका जांच कराएं। वहीं कहा कि अधिक से अधिक जांच कर ऐसे रोगियों की पहचान करें एवं उन्हें जागरुक कर उनकी काउंसलिंग कर बचाव के बारे में जानकारी दें।
वहीं सिविल सर्जन ने बताया कि सिकल सेल रोग एक आनुवंशिक रक्त रोग है, जो प्रभावित रोगी के पूरे जीवन को प्रभावित करता है। यह भारत की जनजातीय आबादी में अधिक है, लेकिन गैर-आदिवासियों में भी यह देखा जा रहा है। यह न केवल एनीमिया का कारण बनता है, बल्कि दर्द, विकास में कमी, फेफड़े, हृदय, गुर्दे, आंख, हड्डियां और मस्तिष्क जैसे कई अंगों को भी प्रभावित करता है।
_*सिकल सेल एनीमिया के लक्षण एवं बचाव*_
एनीमिया/पीलापन दिखाई देना बार-बार संक्रमण बीमार होना थकान, बुखार एवं सूजन तथा कमजोरी महसूस करना।
_*क्या करें*_
दिन भर ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं।(10-15 गिलास)
डॉक्टर की सलाह से फॉलिक एसिड गोली प्रतिदिन लें।
उल्टी-दस्त, पसीने से शरीर का ज्यादा पानी बाहर निकलने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
संपूर्ण संतुलित आहार लें।
हर तीन महीने में हीमोग्लोबिन स्तर तथा श्वेत रक्त कोशिकाओं की संख्या की जाँच करें।
_*क्या नहीं करें*_
ज्यादा गर्मी या धूप में बाहर नहीं निकले। ज्यादा ऊँचाई बाले पहाड़ों, हिल स्टेशन पर न जाएँ।
ज्यादा ठण्ड में बाहर जाने से बचें और समय-समय पर डॉक्टर की सलाह लें।इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद, WHO के प्रतिनिधि श्री अमित कुमार तिवारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

