अतिक्रमण कर बनाई चारदीवारी पर चला सरकारी बुलडोजर
कुंडहित, प्रतिनिधि।
ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कुंडहित अंचल कार्यालय द्वारा अतिक्रमण की गई सरकारी जमीन पर बनाई गई चारदीवारी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। मामला कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बड़ा आकना गांव का है। जानकारी के अनुसार बड़ा आकना गांव के रहने वाले दीपक मंडल ने सरकारी पुरातन पतित जमीन 1239 को अतिक्रमित कर चारदीवारी का निर्माण कर लिया था। इसी जमीन पर ग्रामीणों द्वारा धर्मराज मंदिर बनाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दीपक मंडल ने अपने घर का मुख्य दरवाजा मंदिर की ओर कर लिया था और मंदिर के रास्ते ही आवाजाही कर रहा था। चारदीवारी बनाते समय भी ग्रामीणों ने घर के मुख्य दरवाजे को मंदिर की ओर करने से मना किया था। लेकिन दीपक मंडल ने ग्रामीणों की बात नहीं मानी थी। जिसके बाद ग्रामीणों द्वारा कुंडहित अंचलाधिकारी को आवेदन देकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अनुरोध किया गया था। आवेदन पर कार्रवाई करते हुए अंचल कार्यालय द्वारा नोटिस जारी कर दीपक मंडल को चारदीवारी हटाने का निर्देश दिया गया था। लेकिन सरकारी नोटिस का भी कोई असर नहीं हुआ। जिसके बाद शुक्रवार को अंचलाधिकारी नित्यानंद प्रसाद के निर्देश पर बतौर दंडाधिकारी प्रभारी अंचल निरीक्षक धनंजय वर्मा राजस्व उपनिरीक्षक संदीप हेम्ब्रम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बुलडोजर चलाकर चारदीवारी को ध्वस्त कर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। अंचल कार्यालय की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है।
फोटो : चारदीवारी को ध्वस्त करता सरकारी बुलडोजर।

