सरायकेला में युवक की धारदार हथियार से हत्या, इलाके में फैली सनसनी
राष्ट्र संवाद संवादाता
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोपपाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के रूप में हुई है। घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार से पांच हमलावरों ने जगन्नाथ गोप पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस और गम्हरिया थाना की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई सोनू गोप ने हत्या का आरोप शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश सहित अन्य लोगों पर लगाया है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह किसी बात को लेकर जगन्नाथ और गणेश के बीच विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद प्रेम नायक नामक युवक जगन्नाथ को घर से बुलाकर ले गया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पारिवारिक जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ गोप की पत्नी पार्वती गोप का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनके परिवार में आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप हैं। पिता की हत्या के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है, जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ भी घटनास्थल पहुंचे और जांच की निगरानी की। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

