टाटानगर में बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन, कर्मचारियों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत टाटानगर में बहुविषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन जीएम अनिल मिश्रा ने किया। इस मौके पर डीआरएम सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। बागबेड़ा स्थित पुराने रेलवे स्कूल भवन को विकसित कर इस आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गई है।
इस संस्थान में इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन विभागों के कर्मचारियों को एक ही स्थान पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। नए कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण के साथ आधुनिक कंप्यूटर लैब, मॉडल बोगी, ट्रैक सिस्टम, शंटिंग प्वाइंट व क्रॉसिंग से जुड़े प्रायोगिक प्रशिक्षण की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
विशेष पहल के तहत रेलवे ने जमशेदपुर के प्रतिष्ठित संस्थान XLRI के साथ समझौता किया है, जिसके तहत कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और डेटा एनालिटिक्स जैसे आधुनिक विषयों में उन्नत प्रशिक्षण दिया जाएगा। जीएम अनिल मिश्रा ने इसे बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप कर्मचारियों को दक्ष बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि रेल मंत्रालय की योजना के तहत देश के सभी मंडलों में ऐसे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। साथ ही टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के अगले ढाई वर्षों में पूरा होने और खड़गपुर-हावड़ा तथा चांडिल-गम्हरिया के बीच चौथी रेल लाइन को स्वीकृति मिलने की भी जानकारी दी।

