एमजीएम अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों का विरोध, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर 6 अप्रैल तक अल्टीमेटम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में जूनियर डॉक्टर काला बिल्ला लगाकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टरों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर 6 अप्रैल तक का अल्टीमेटम दिया है और चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

जूनियर डॉक्टर राघवेंद्र ने बताया कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सचिव, मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्यों में जूनियर डॉक्टरों को एक लाख रुपये से अधिक स्टाइपेंड मिलता है, जबकि झारखंड में केवल 58 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि वे मरीजों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन अपने अधिकारों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 6 अप्रैल तक मांगें नहीं मानी गईं, तो हड़ताल की जिम्मेदारी राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की होगी।

