
जोड़ा ट्रक ओनर्स एसोसिएशन चुनाव में विधायक समर्थित पैनल का दबदबा
*पांचों पदों पर समर्थित उम्मीदवारों की जीत, पारदर्शिता और खनिज परिवहन में समान अवसर का मुद्दा रहा प्रमुख*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
ओडिशा के जोड़ा क्षेत्र के पुराने ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के चुनाव में चंपुआ विधायक सनातन महाकुड़ समर्थित उम्मीदवारों ने पांचों पदों पर जीत दर्ज की है। बीते सोमवार को घोषित परिणाम में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, महासचिव और कोषाध्यक्ष पदों पर उनके समर्थित प्रत्याशियों ने बाजी मारी। चुनाव में मुकाबला कड़ा रहा।
घोषित परिणाम के अनुसार, राजेश रोशन अध्यक्ष, दीपक महांतो उपाध्यक्ष, रवि दास सचिव, महेश सिंह महासचिव और गौतम बेहरा कोषाध्यक्ष चुने गए। जीत के बाद विजयी प्रत्याशियों को क्षेत्र के राजनीतिक नेताओं और समाजसेवियों ने बधाई दी।
चुनाव से पहले एसोसिएशन के कामकाज में पारदर्शिता, खनिज परिवहन में ट्रक मालिकों को समान अवसर और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे थे। खनन कंपनियों का ट्रक मालिकों के प्रति रवैया भी चर्चा का विषय रहा। ट्रक मालिकों ने संगठन में पारदर्शी व्यवस्था और आपसी सहमति से चुनाव संपन्न कराने पर जोर दिया था।
पांचों पदों पर विधायक समर्थित उम्मीदवारों की जीत को क्षेत्रीय संगठन में उनके प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। अब ट्रक मालिकों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नई टीम पारदर्शिता, समान अवसर और संगठन के कामकाज में सुधार से जुड़े मुद्दों पर किस तरह आगे बढ़ती है।

