कोवाली और पांडरसोली में दो उच्चस्तरीय पुलों का शिलान्यास
विधायक संजीव सरदार ने किया शुभारंभ, कोवाली से डुमरिया तक 17 करोड़ की लागत से बनेंगे 9 पुल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका:पोटका विधायक संजीव सरदार ने शनिवार को कोवाली और पांडरसोली गांव में दो उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। नारियल फोड़कर और पूजा-अर्चना कर कार्य की विधिवत शुरुआत की गई।

विधायक ने बताया कि झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा कोवाली से डुमरिया तक कुल 17 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इससे न सिर्फ ग्रामीणों की वर्षा ऋतु में परेशानी दूर होगी, बल्कि डुमरिया से जमशेदपुर की दूरी कम होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी।

उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्य की निगरानी का आह्वान किया और बताया कि पोटका क्षेत्र में कई सड़क व पुल परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिन पर कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि यशवंत महतो, जिला पार्षद सविता सरदार, पूर्व पार्षद, मुखिया, ग्रामप्रधान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

