जमशेदपुर पूर्वी में स्ट्रीट लाइट, सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (जेएनएसी) के अपर नगर आयुक्त के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों, नई लाइट लगाने, नियमित सफाई व्यवस्था और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान विधायक पूर्णिमा दास साहू ने अधिकारियों को बताया कि पूर्वी विधानसभा के कई इलाकों में लंबे समय से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रात के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले लगभग एक वर्ष से स्ट्रीट लाइट के रखरखाव और मरम्मत के लिए टेंडर क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को वह पहले भी अधिकारियों के समक्ष उठा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
विधायक ने अधिकारियों से जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विधायक ने पूर्वी विधानसभा क्षेत्र स्थित अत्यंत पिछड़ा वर्ग के कुष्ठ आश्रम का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि आश्रम में अब तक पानी और बिजली का स्थायी कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे वहां रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राथमिकता के आधार पर आश्रम में पानी और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

