उपायुक्त की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय की बैठक, 2025-26 कार्ययोजना को मिली स्वीकृति
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :समाहरणालय सभागार में कृषि विभाग अन्तर्गत संचालित आत्मा (एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना) की शासकीय निकाय की बैठक उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

आत्मा योजना के तहत किसानों के प्रशिक्षण और परिभ्रमण कार्यक्रम को मंजूरी दी गई है। इसके अंतर्गत किसानों का राज्य के बाहर, राज्य के अंदर और जिला स्तर पर प्रशिक्षण एवं परिभ्रमण कराया जाएगा। प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत स्वीट कॉर्न और तरबूज की खेती के लिए 33 इकाईयों में खेती करवाने का निर्णय लिया गया।

साथ ही, कृषक समूहों के क्षमता विकास के लिए जिले के सभी 11 प्रखंडों में 1-1 किसान पाठशाला संचालित की जाएगी। प्रखंड स्तर पर 6 कृषक गोष्ठियां आयोजित होंगी, जबकि जिला स्तर पर एक किसान मेला आयोजित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन योजना के तहत राज्य स्तर से स्वीकृत वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप फसल प्रत्यक्षण, प्रशिक्षण, परिभ्रमण और कृषक गोष्ठी जैसे कार्यक्रमों को भी स्वीकृति दी गई।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा, डी.डी.एम. नाबार्ड, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक के प्रतिनिधि, कृषि विज्ञान केंद्र एवं क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक, उप परियोजना निदेशक आत्मा, गैर सरकारी संस्था के प्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।

