माओवादियों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
जमशेदपुर पुलिस, कोबरा, झारखंड जगुआर और कोलकाता STF का संयुक्त अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जमशेदपुर पुलिस, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और कोलकाता एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी व कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में व्यापक सर्च अभियान चलाया।
सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक चले अभियान में सुरक्षा बलों ने संदिग्ध माओवादी ठिकानों की तलाशी लेते हुए हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया। पुलिस के अनुसार, अभियान भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर चलाया गया।
तलाशी के दौरान कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, जबकि जोभी जंगल से एक AKM राइफल, 232 राउंड गोलियां और पांच मैगजीन बरामद की गईं। बरामद हथियार एवं गोला-बारूद को पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया है।
अभियान में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे। कोबरा-209, कोबरा-203, झारखंड जगुआर और कोलकाता एसटीएफ के जवानों ने भी अभियान में हिस्सा लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान जारी है। क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा।

