चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, AK-47 की 393 गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चतरा। चतरा पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बिहार से AK-47 की गोलियां बेचने आए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 393 गोलियां, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि गुप्त सूचना के आधार पर हंटरगंज थाना क्षेत्र के कोसमाही-लेंजवा रोड पर छापेमारी की गई। सदर चतरा के एएसपी संदीप सुमन के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने मोटरसाइकिल रोककर तलाशी ली। इस दौरान एक युवक के पास से 393 चक्र AK-47 की गोलियां बरामद हुईं।

गिरफ्तार युवक की पहचान रोशन कुमार, पिता महेंद्र पासवान, ग्राम कुठीलावा, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से होंडा शाइन मोटरसाइकिल और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। एसपी ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध हथियार और गोला-बारूद की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

